दिल्ली के तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद आर्मी पब्लिक स्कूल और सरदार पटेल स्कूल सहित सभी को खाली कराया गया।

- दिल्ली के तीन स्कूलों को ईमेल से बम की धमकी मिली।
- स्कूलों को खाली कराकर सुरक्षाकर्मियों ने गहन जांच की।
- पुलिस ने धमकी को अफवाह बताया, ईमेल स्रोत की तलाश जारी।
एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली के तीन स्कूलों को मंगलवार सुबह बम की धमकी मिलने से एक बार फिर हड़कंप मच गया। यह धमकी स्कूलों को ईमेल पर मिली थी। धमकी मिलने के बाद सभी स्कूलों को खाली कराया गया।
दमकल विभाग के अनुसार उसे सुबह धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से धमकी को लेकर कॉल मिली थी। सूचने मिलने पर पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम अलर्ट की गईं और स्कूल खाली करा लिया गया।
सुरक्षाकर्मियों ने पूरे स्कूल कैंपस की गहनता से जांच की लेकिन उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके साथ ही पुलिस ने बम की धमकी को अफवाह करार दिया है। पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने की भी कोशिश कर रही है।
सरदार पटेल स्कूल को भी मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरदार पटेल विद्यालय की जांच के दौरान भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और यह धमकी फर्जी है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल स्कूल भी धमकी मिलने के बाद समय से खाली करा लिया गया था।
स्कूल नोटिस के अनुसार, मिडिल स्कूल के छात्रों के एग्जाम्स पूरे हो चुके हैं, वहीं सीनियर स्कूल के छात्रों ने भी अपनी अधिकतर परीक्षाएं पूरी कर ली थीं।
अन्य जो बच्चों की परीक्षाएं बची हैं स्कूल उनपर सभी पहलुओं पर गौर करने के बाद फैसला लेगा। अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।



